Dongargarh Crime News: डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। मंगलवार रात कश्मीरी पारा इलाके में हुए चाकूबाजी के मामले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश के चलते हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, शाहरुख खान ने शिकायत दर्ज कराई कि 28 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई फारुख खान, दोस्त सुमित विश्वकर्मा उर्फ बोंगो और धनु यादव उर्फ धनेश के साथ कश्मीरी पारा में मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अभय निषाद लकड़ी का डंडा लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला करने लगा।
डंडे से हमला, फिर चाकू से किया वार
हमले के दौरान भागने की कोशिश में शाहरुख गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसके सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से धनु यादव के पेट पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल धनु को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और डोंगरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शाहरुख खान की शिकायत के आधार पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 419/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी अभय निषाद को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
