साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस काजल अग्रवाल इन दिनों अपनी फिल्म द इंडिया स्टोरी को लेकर चर्चा में हैं. वो फिल्म रामायण में भी नजर आने वाली हैं. हाल ही एक इंटरव्यू में काजल अग्रवाल ने कहा कि इंडस्ट्री में आज भी ये धारणा है कि शादी के बाद करियर खत्म हो जाता है, लेकिन उन्हें कभी इस बात का डर नहीं लगा.
काजल अग्रवाल का खुलासा
काजल अग्रवाल ने शुभांकर मिश्रा को दिए इंटरव्यू में इसपर खुलकर बात की. जब काजल अग्रवाल से पूछा गया कि कई कलाकारों को लगता है कि शादी के बाद उनका करियर खत्म हो जाएगा और लोग उन्हें भूल जाएंगे, तो उन्होंने कहा, ‘ये बात सच है. हमारी इंडस्ट्री में ये बात बिल्कुल सही है, लेकिन मुझे कभी ऐसा डर नहीं लगा. मुझे हमेशा भरोसा था कि मैं सब संभाल लूंगी. जिंदगी के उस पड़ाव पर मैं शादी के लिए पूरी तरह तैयार थी.’
शादीशुदा होना कलंक नहीं माना जाता
एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि उसी दौरान कोविड आया और ओटीटी का दौर शुरू हुआ. कलाकारों के लिए काम के कई नए मौके खुल गए. अगर बड़े पर्दे पर काम नहीं मिला, तो दूसरे प्लेटफॉर्म पर बेहतरीन अवसर मिलने लगे. इसके साथ ही एक और बड़ा बदलाव आया, जो काफी पहले हो जाना चाहिए था. लोगों ने शादीशुदा एक्ट्रेसेस की पर्सनल लाइफ को स्वीकार करना शुरू किया. अब शादीशुदा होना किसी तरह का कलंक नहीं माना जाता.’
बता दें, काजल अग्रवाल की शादी कोविड के दौरान हुई थी. वो गौतम किचलू के साथ 30 अक्टूबर 2020 को मुंबई में शादी के बंधन में बंधीं.
काजल अग्रवाल का वर्कफ्रंट
बता दें, काजल अग्रवाल फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ में लीड रोल में नजर आ रही हैं. फिल्म में वो वकील के किरदार निभा रही हैं. इसमें उनके साथ श्रेयस तलपड़े भी हैं. ये फिल्म 24 जुलाई को रिलीज हुई है.
मंदोदरी का रोल प्ले करेंगी काजल अग्रवाल
वो फिल्म ‘रामायण’ में भी मंदोदरी के रोल में नजर आने वाली हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे. फिल्म दो पार्ट में बन रही है. इसका पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज किया जाएगा. वहीं दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर रिलीज होगा.
