CG News: खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर कांग्रेस का चक्काजाम, वाहनों की लगी लंबी कतारें

CG News: खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, कांग्रेस पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आंदोलन की शुरुआत ग्राम खपरी सिरदार से हुई, जहां से लगभग 40 ट्रैक्टरों के काफिले के साथ कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने रैली निकाली। यह रैली भंडारपुर होते हुए ढारा के नितिन चौक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने डोंगरगढ़-खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।

तीन प्रमुख मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखीं। पहली, खपरी सिरदार से ढारा के नितिन चौक तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित लगभग 12 किलोमीटर सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए। दूसरी, अघोषित बिजली कटौती बंद की जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों से उपभोक्ताओं को राहत मिले और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकी जाए। तीसरी, किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाए।

सरकार पर लगाए उपेक्षा के आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। उनका कहना था कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन

चक्काजाम की सूचना मिलते ही खैरागढ़ और डोंगरगढ़ से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनका ज्ञापन लिया और डोंगरगढ़-खैरागढ़ सड़क की मरम्मत का कार्य दो दिन के भीतर शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और यातायात बहाल कर दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *