CG News: भारी बारिश ने ली एक और जान, धमतरी में मछुआरे की मौत के बाद छात्र और एक अन्य व्यक्ति लापता

CG News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। सिहावा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर उफनते एनीकट में बहने से एक मछुआरे की मौत हो गई, वहीं चौथी कक्षा का 9 वर्षीय छात्र पिछले पांच दिनों से लापता है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति के भी लापता होने की सूचना है। पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम सभी मामलों में लगातार खोज अभियान चला रही है।

मछली पकड़ने के दौरान हादसे का शिकार हुआ मछुआरा

जानकारी के मुताबिक, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट गए थे। इसी दौरान अचानक एनीकट का जलस्तर बढ़ गया और रपटे पर तेज बहाव शुरू हो गया। पानी की तेज धारा में धनंजय बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद उनका शव बरामद किया गया।

पांच दिन बाद भी नहीं मिला 9 वर्षीय छात्र का सुराग

सिहावा थाना क्षेत्र के सिरसिदा गांव का रहने वाला चौथी कक्षा का 9 वर्षीय छात्र खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन उसकी तलाश में जुटे हैं। घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

एक अन्य व्यक्ति भी लापता, हर एंगल से जांच जारी

बारिश और बाढ़ के बीच एक अन्य व्यक्ति के भी लापता होने की सूचना मिली है। पुलिस संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर संभावित पहलू पर काम किया जा रहा है।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील

लगातार बारिश के कारण जिले की नदियां, नाले और एनीकट उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, पुल-पुलियों और रपटों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा बच्चों पर विशेष नजर रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *