ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान 90 रनों से हार गया, वेस्टइंडीज ने लगभग हार चुके मैच को जीत लिया. पाक टीम को जीतने के लिए सिर्फ 211 रनों का लक्ष्य मिला था, लगा था कि बाबर आजम एंड टीम इस मुकाबले को आसानी से जीत जाएगी. हालांकि बाबर ने अच्छी पारी खेली, वह नाबाद रहे लेकिन उनके आलावा कोई अन्य बल्लेबाज नहीं चला और पूरी टीम 120 रनों पर ढेर हो गई. जानिए इस मैच के बाद WTC 2025-27 अंक तालिका में क्या कुछ बदलाव हुआ. टीम इंडिया तालिका में कहां पर है.
211 के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी के बल्लेबाज धराशाई हो गए. एक छोर पर बाबर आजम टिके रहे और दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे. आजान अवेस और इमाम उल हक ने 3-3 रन बनाए. सलमान अली आगा और आमिर जमाल खाता भी नहीं खोल पाए, मोहम्मद रिजवान 11 के स्कोर पर चलते बने. पाकिस्तान का 9वां 71 के स्कोर पर गिर गया था, वो तो मोहम्मद अब्बास ने बाबर आजम के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर जैसे तैसे पाक के स्कोर को 100 पार पहुंचाया. बाबर ने 9 चौकों की मदद से नाबाद 58 रन बनाए.
WTC फाइनल की दौड़ से बाहर पाकिस्तान?
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में ये पाकिस्तान की चौथी हार है. 5 में से टीम ने सिर्फ 1 ही मुकाबला जीता है. 6.67 जीत प्रतिशत और 4 अंकों के साथ पाकिस्तान WTC तालिका में सबसे आखिरी (9वें) पायदान पर है. पाकिस्तान WTC फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है. वेस्टइंडीज बेशक जीत गई, लेकिन फाइनल में जाने के उनके चांस भी नहीं है. वेस्टइंडीज ने इस चक्र में खेले 11 मैचों में से 7 हारे हैं और 2 जीते हैं. विंडीज तालिका में 8वें नंबर पर है.
तालिका में कहां है भारत
भारत ने WTC 2025-27 चक्र में 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 4 जीते और 4 हारे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ हुआ एक टेस्ट ड्रा रहा था. भारतीय टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है.
