Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पार्टी को भुगतान के लिए ले जा रहे थे नकदी
पुलगांव थाना पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी ‘देव एग्रो इंडस्ट्रीज’ के संचालक हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने घर से 4 लाख 90 हजार रुपये नकद लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। यह रकम एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देना था।
कार खड़ी कर दूसरी बाइक से चले गए
सुबह करीब 9 बजे प्रमोद ने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने अपनी कार लॉक कर खड़ी की और वहां से दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने मित्र रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। इसके बाद वे इंदिरा मार्केट में एक दुकान पर चाय पीने रुक गए।
लौटने पर टूटा मिला कार का शीशा
इसी दौरान उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह ने प्रमोद को फोन कर बताया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलगांव थाना पुलिस को दी गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। मामले की जांच जारी है।
