CG Arang News: आरंग: महानदी के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के तटीय गांव निसदा में बाढ़ का पानी घुस गया। हालात उस समय गंभीर हो गए, जब एक ही परिवार के छह सदस्य अपने घर में चारों तरफ से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाढ़ के तेज बहाव को देखते हुए स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) को बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम ने मोटर बोट की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर फंसे परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सुबह चेतावनी के बावजूद घर नहीं छोड़ा
जानकारी के अनुसार, जलभराव में फंसा परिवार निसदा निवासी सियाराम साहू का था। सुबह जब महानदी का जलस्तर बढ़ने लगा था, तब ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने परिवार को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी थी। हालांकि, परिवार ने शुरुआत में घर खाली नहीं किया। कुछ ही घंटों बाद पानी तेजी से बढ़ा और मकान चारों तरफ से घिर गया, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।
पंचायत की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गांव के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया। पंचायत की पहल पर निचले इलाकों के 12 घरों से 42 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन का कहना है कि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
तटीय गांवों में अलर्ट, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
प्रशासन ने निसदा गांव सहित महानदी के तटीय क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं बचाव दल भी तैनात किए जाएंगे।
