CG Weather Today: रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल, कई जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

CG Weather Today: रायपुर। अगस्त के दूसरे दिन मनाए जाने वाले फ्रेंडशिप डे पर अगर आप दोस्तों के साथ घूमने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम आपके प्लान में बाधा डाल सकता है। मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है और आगामी 24 घंटे तक यही स्थिति बनी रहने के आसार हैं।

रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रविवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में हुई सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

  • रामानुजनगर, लोरमी और अकलतरा में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा।
  • ओरछा, लालपुर थाना, बेलतरा, भोपालपटनम, सीपत, बड़े बचेली, अजगरबहार और छोटेडोंगर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश।
  • भैसमा, भैरमगढ़, नारायणपुर, बलौदा, दरभा, बारसूर, पाली, कटघोरा, कोहकामेटा, तोकापाल, पोंडी बचरा, मस्तूरी, हरदीबाजार और अंतागढ़ में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मानसून सिस्टम सक्रिय, अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार समुद्र तल पर सक्रिय मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, बांदा, डेहरी, मालदा होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। वहीं दूसरी द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तर-पूर्व बिहार तक बनी हुई है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं।

ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी, इन जिलों में रहें सतर्क

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की संभावना है।

वहीं रायपुर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, बिजली गिरने और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *